नई दिल्ली (19 सितंबर): अमेज़न ने ग्राहकों को नया तोहफा दिया है जी हां अमेजन एलेक्सा का हिंदी अवतार आ चुका है। अब इसे इस्तेमाल करने वाले ग्राहक हिंदी एवं अन्य भारतीय भाषाओं में भी 'वॉयस कमांड' यानी बोलकर निर्देश दे सकते हैं और अपने पसंदीदा काम कर सकते हैं।
एलेक्सा, अमेजन का एक असिस्टेंट सॉफ्टवेयर है। एलेक्सा को आप क्रिकेट का स्कोर बताने, समाचार सुनने और गाने सुनने जैसे निर्देश दे सकते हैं। अमेजन ने इसे भारतीय बाजार में 2017 में पेश किया था। उस समय यह हिंदी, तमिल, तेलुगू, मराठी और पंजाबी जैसी स्थानीय भाषाओं में गानों, स्थानों और नामों को पहचाने में सक्षम था। लेकिन निर्देश सिर्फ अंग्रेजी में ही दिए जा सकते थे।कंपनी के उपाध्यक्ष एवं शोध प्रमुख रोहित प्रसाद ने यहां एलेक्सा के नए अपडेट के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नए अपडेट के बाद एलेक्सा ग्राहकों के पूर्णतया हिंदी और हिंदी एवं अंग्रेजी (हिंग्लिश) मिश्रित निर्देशों को समझने में सक्षम है। एलेक्सा की प्रतिस्पर्धा एपल के सीरी और गूगल असिस्टेंट के साथ है।
एलेक्सा, अमेजन के इको ब्लूटूथ स्पीकरों के साथ-साथ बोस, माईबॉक्स, आईबॉल और सिस्का जैसे ब्रांड के उत्पादों में उपलब्ध है। प्रसाद ने कहा कि भारत ने हमारी एआई टीम को अपनी सांस्कृतिक और भाषायी विविधता से चुनौती दी, जिस पर हमने काम किया। यह सुनिश्चित किया कि ग्राहक एलेक्सा के साथ क्षेत्रीय भाषाओं में बातचीत कर सकें।